जिले में कोई राजनीतिक मामला गर्माता हो और उस मामले में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे की प्रतिक्रिया नहीं हो ऐसा संभव नहीं हो सकता
देवघर : जिले में कोई राजनीतिक मामला गर्माता हो और उस मामले में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे की प्रतिक्रिया नहीं हो ऐसा संभव नहीं हो सकता है। सांसद दुबे हमेशे अपने विरोधियों पर वार करने की मौके की तलाश में लगे रहते हैं। इन दिनों राज्य में चल रहे त्रि – स्तरीय पंचायत चुनाव में देवघर भाग – संख्या 1 जिला परिषद क्षेत्र के अभ्यर्थी और निवर्तमान जिला परिषद उपाध्यक्ष संतोष पासवान की मां सुशीला आशा देवी के पक्ष में और राजद के पूर्व विधायक सुरेश पासवान के खिलाफ में एक राजनीतिक मिसाइल दाग दी है। बताया जाता है कि पिछले दिनों देवघर जिला परिषद भाग संख्या 1 क्षेत्र से जिला परिषद के निवर्तमान उपाध्यक्ष संतोष पासवान की मां और सामाजिक क्षेत्र के चर्चित महिला सुशीला आशा देवी ने अपना नामांकन पत्र भरा था, इस नामांकन पत्र की स्कूटनी के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने प्रत्याशी श्रीमती आशा देवी के जाति प्रमाण पत्र को रद्द करते हुए मामले में राज्य निर्वाचन पदाधिकारी से अगली कार्रवाई के लिए निर्देश मांगा था। इधर इसकी जानकारी मिलते ही कहते हैं कि सांसद दुबे कहां चूकने वाले थे। उन्होंने अपने तरकश से राजनीतिक मिसाइल निकालकर पूर्व विधायक सुरेश पासवान पर वार कर दिया। उन्होंने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है कि अगर संतोष पासवान की मां सुशीला आशा देवी की जाति प्रमाण पत्र गलत है तो पूर्व विधायक श्री पासवान की विधायक की पूरी जिंदगी ही गलत प्रमाण पत्र चलती रही है। उन्होंने उपायुक्त भजंत्री से इस मामले की जांच कराते हुए उन्हें जेल भेजने की मांग भी कर दी है। इस मामले में “न्यूज़ मक्रांत” द्वारा पासवान से पक्ष जानने का प्रयास विफल रहा। उनका पक्ष आते ही उसे प्रकाशित किया जाएगा। वैसे दुबे ने पासवान के गलत प्रमाण पत्र होने से संबंधित कोई विस्तृत जानकारी अपने फेसबुक वॉल पर नहीं दी है। अब देखना है कि पासवान और दुबे की राजनीतिक लड़ाई का अंत कब होता है और उनके आरोप में कितनी सच्चाई है यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा?