3 घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे आग पर काबू
जामताड़ा : जामताड़ा के मिहिजाम में आग लग गई है। मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुशबेदीया ग्राम पंचायत अंतर्गत भागा गांव के खलिहान में गुरुवार की रात अचानक आग लग गई। इसमें खलिहान में रखी धान की फसल जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग आग बुझाने पहुंचे। अग्निशमन विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे आग पर काबू पाया जा सका।

आग हो गई अनियंत्रित।
इस घटना में गांव के किसान सदन मुर्मू की फसल जल गई। मुखिया सोनाली मुर्मू ने किसान को हुए नुकसान की भरपाई के लिए जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मुआवजे देने की मांग की है। अब तक यह पता नहीं चला है कि आग कैसे लगी। मौके पर पहुंचे मिहिजाम पुलिस के ASI चन्दन सिंह ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। बताया गया कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद अग्निशमन विभाग का वाहन मौके पर पहुंचा। इस दौरान आग अनियंत्रित हो चुकी थी। किसी तरह इस पर काबू पाया गया। गांव के लोग पूरी रात जगे रहे। शुक्रवार की सुबह तक खलिहाल से धुआं निकल रहा था।