मंत्री व भाजपा नेता सम्राट चौधरी के भाई रोहित चौधरी जदयू में शामिल
भाजपा नेता और पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के बड़े भाई रोहित चौधरी अपने समर्थकों के साथ मंगलवार को जदयू में शामिल हुए। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। सदस्यता लेने के बाद रोहित चौधरी एक अणे मार्ग जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की।
रोहित चौधरी पूर्व मंत्री और तारापुर विधानसभा सीट से छह बार विधायक रहे शकुनी चौधरी के पुत्र हैं। तारापुर विधानसभा के उपचुनाव के ठीक पहले उनका जदयू में शामिल होना अहम है। प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में हुए मिलन समारोह में ललन सिंह ने कहा कि रोहित चौधरी को पार्टी में पूरा मान सम्मान मिलेगा। इनके पार्टी में आने से तारापुर में हमें मजबूती मिलेगी। राजद को परिवार की पार्टी बताते हुए कहा कि दोनों भाइयों में सत्ता संघर्ष चल रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2005 के पहले बिहार की क्या स्थिति थी, यह हर कोई जानता है। 2005 के पहले बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था का बुरा हाल था। केंद्रीय संसदीय बोर्ड अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने तारापुर में राजद द्वारा वैश्य समाज को टिकट दिए जाने पर कहा कि 2005 के पहले बिहार में अगर कोई सबसे अधिक परेशान था तो वह वैश्य समाज के लोग थे। व्यवसाय चौपट हो गया था। व्यापारी वर्ग के लोग बिहार छोड़कर बाहर जा रहे थे। वैश्य समाज के लोग विपक्ष के झांसे में नहीं आनेवाले हैं।
शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि रोहित चौधरी के परिवार से ज्यादा तारापुर को कोई नहीं जानता। रोहित चौधरी के पार्टी में आने से चुनाव के पहले ही तारापुर का नतीजा सामने आ गया है। हमारी जीत सुनिश्चित है। इस मौके पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत राजीव रंजन प्रसाद, संजय कुमार सिंह गांधी, नवीन आर्य चंद्रवंशी, मृत्युंजय कुमार सिंह, मनीष कुमार, वासुदेव कुशवाहा, रणविजय कुमार, अरविंद निषाद और प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा आदि उपस्थित थे।